पेट्रोल में मिलावट ! पानी मिलाने का आरोप, भड़के लोग, बात जांच तक पहुंची

बोकारो जिले के चास में पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप के बाद हंगामा मच गया। मामला तेलीडीह मोड़ के पास स्थित भारत पेट्रोलियम पंप का है, जहां बाइक में पेट्रोल भराने के बाद गाड़ी बंद होने और उसके पार्ट्स खराब होने का आरोप लगाया गया है।

बोकारो जिले के चास में पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप के बाद हंगामा मच गया। मामला तेलीडीह मोड़ के पास स्थित भारत पेट्रोलियम पंप का है, जहां बाइक में पेट्रोल भराने के बाद गाड़ी बंद होने और उसके पार्ट्स खराब होने का आरोप लगाया गया है।

चास निवासी आशीष का आरोप है कि उन्होंने तेलीडीह मोड़ के पास, बांधगोड़ा की ओर फोरलेन किनारे स्थित भारत पेट्रोलियम पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया था। पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़े, उनकी बाइक अचानक बंद हो गई। इसके बाद बाइक को मैकेनिक के पास ले जाया गया। आशीष के मुताबिक, मैकेनिक ने जांच के दौरान बाइक के फिल्टर और अन्य हिस्सों में खराबी बताई और पेट्रोल में पानी मिले होने की बात कही।

आरोप के बाद आशीष पेट्रोल पंप पहुंचे और संचालकों के सामने अपनी शिकायत रखी। उनका आरोप है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट के कारण उनकी बाइक खराब हुई है। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत की और पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि मामले को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों से आरोपों की सच्चाई जानने और उनका पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत सही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? और अगर इस पेट्रोल पंप से बड़ी संख्या में लोगों ने पेट्रोल लिया है, तो क्या उनकी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है? फिलहाल मामले की जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और आगे क्या कार्रवाई होती है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट