बोकारो : बोकारो के बालिडीह थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में एक्साइज विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। एक्साइज कमिश्नर अरविंद कुजूर के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर कथित अवैध विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 120 लीटर कच्चा स्पिरिट, 140 लीटर रंगीन शराब और करीब 207 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
विदेशी शराब को करीब 422 बोतलों में भरकर तैयार रखा गया था
विभाग के अनुसार, विदेशी शराब को करीब 422 बोतलों में भरकर तैयार रखा गया था। मौके से विभिन्न ब्रांड के क्रॉक, लेबल, सीसी और पंचिंग मशीन समेत शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि यहां McDowell's No.1, Officer's Choice और Royal Gold जैसे ब्रांड के नाम से शराब तैयार की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान अजय अग्रवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है
छापेमारी के दौरान अजय अग्रवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में विकास चंद्र का नाम मुख्य अभियुक्त के रूप में सामने आने की बात कही जा रही है। एक्साइज विभाग मामले की जांच में जुटा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अब सवाल है कि मुख्य आरोपी तक एक्साइज विभाग कब पहुंचता है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट