केशवती देवी हत्या मामला: आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के भट्ठा टोला से लापता 42 वर्षीय केशवती देवी का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला 4 फरवरी से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने सेक्टर-12 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

बोकारो: जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के भट्ठा टोला से लापता 42 वर्षीय केशवती देवी का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला 4 फरवरी से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने सेक्टर-12 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की पूछताछ में राजमिस्त्री का काम करने वाले कमरुद्दीन अंसारी पर हत्या का आरोप सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद आरोपी को कथित वारदात वाली जगह पर ले जाया गया, जहां एफएसएल टीम, मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में खुदाई कर महिला का शव बरामद किया गया।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन के अनुसार, महिला की हत्या पांच फरवरी को किए जाने की बात सामने आई है। वहीं सात फरवरी को आरोपी ने गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया था। शव मोहनडी क्षेत्र से बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार शव पूरी तरह डीकंपोज हो चुका था और जानवरों द्वारा क्षत-विक्षत किए जाने की भी बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट