बोकारो: एमएमडीआर यानी खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी रणनीति को तैयार कर लिया है। पार्टी ने आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार करने को लेकर बोकारो सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में केंद्र सरकार के प्रस्तावित खान एवं खनिज संशोधन बिल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि यह बिल झारखंड के हित में नहीं है और इसके लागू होने से राज्य के राजस्व के साथ-साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नेताओं ने दावा किया कि राज्य सरकार की गरीबों के लिए अबुआ आवास योजना और महिलाओं के लिए मंईयां सम्मान योजना जैसी योजनाएं भी इससे प्रभावित हो सकती हैं।
बैठक में झामुमो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि इस बिल का विरोध गठबंधन में शामिल कांग्रेस समेत अन्य दल भी करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिल के विरोध में झामुमो और गठबंधन की ओर से आगामी 19 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट