भीषण सड़क हादसा, ऑटो पलटने से नानी और डेढ़ साल के नाती की मौत, कई घायल

बोकारो के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बांधगोड़ा साइड स्थित रानी बांध के समीप एनएच-32 पर एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।

बोकारो : बोकारो के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बांधगोड़ा साइड स्थित रानी बांध के समीप एनएच-32 पर एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 40 वर्षीय महिला और उनके डेढ़ साल के नाती की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग घायल हो गए।

डॉक्टर से इलाज कराने के बाद सभी ऑटो से वापस घर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार, घटियाली निवासी कनक लता मंडल अपने पति, बेटी, डेढ़ साल के बीमार नाती और ढाई साल की नातिन के साथ चास डॉक्टर को दिखाने आई थीं। डॉक्टर से इलाज कराने के बाद सभी ऑटो से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रानी बांध के पास एक बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क पर पलट गया।

हादसे में ऑटो चालक समेत 2 महिला, एक पुरुष और दोनों बच्चे घायल हो गए

हादसे में ऑटो चालक समेत दो महिला, एक पुरुष और दोनों बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय कनक लता मंडल और उनके डेढ़ साल के नाती देवाशीष मंडल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चास के मुस्कान हॉस्पिटल में चल रहा है। एक ही परिवार की नानी और नाती की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट