बोकारो : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र में नशे के लिए पैसे नहीं देना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के पास 65 वर्षीय भरत सिंह की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा ने पहले भरत सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनके पॉकेट से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर सड़क किनारे पड़े पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना 24 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे की है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर DSP के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी अभियुक्त पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9 स्ट्रीट-36 स्थित वैशाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सभी चीजों को किया है बरामद
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, आरोपी का खून लगा शर्ट, मृतक का मोबाइल, टूटा चश्मा और आरोपी का कंबल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सेक्टर-9 स्ट्रीट-4 और 5 के बीच झोपड़ी के पास रहता है। इस मामले में हरला थाना कांड संख्या 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट