दुर्गा पूजा मेले में चाकूबाजी, युवक घायल

बोकारो जिले के दुग्दा में दुग्दा सेंट्रल पूजा कमिटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा मेले में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आरोप है कि पूजा घूमने पहुंचे राकेश कुमार पर सूरज कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया।

बोकारो जिले के दुग्दा में दुग्दा सेंट्रल पूजा कमिटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा मेले में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आरोप है कि पूजा घूमने पहुंचे चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डी-टाइप खटाल निवासी राकेश कुमार पर सूरज कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में राकेश कुमार घायल हो गए।

पीड़ित राकेश कुमार के अनुसार, वह दुग्दा में दुर्गा पूजा मेला घूमने गया था । इसी दौरान सूरज कुमार अपने साथियों के साथ वहां मिला और कथित तौर पर रंगदारी दिखाते हुए पूजा का खर्च बताकर पैसे की मांग करने लगा। राकेश कुमार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर सूरज कुमार ने उस पर चाकू से वार कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कुमार को पकड़कर चंद्रपुरा थाना लाया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग चंद्रपुरा थाना के समक्ष जुट गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश देखा जा रहा है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट