कूलिंग पौंड में मिला 20 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के बोकारो जनरल अस्पताल के विपरीत स्थित कूलिंग पौंड से शुक्रवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

बोकारो सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के बोकारो जनरल अस्पताल के विपरीत स्थित कूलिंग पौंड से शुक्रवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9 स्ट्रीट-11, आवास संख्या 134 निवासी रोहन कालिंदी, पिता बिशु कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह टाइगर मोबाइल के जवान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें कूलिंग पौंड में शव दिखाई देने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।

मृतक के मामा अशोक कालिंदी ने बताया कि रोहन परिवार में सबसे छोटा था और सिटी कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह काफी शांत रह रहा था। उन्होंने बताया कि जब भी उसे किसी तरह की परेशानी होती थी, वह सेक्टर-4 स्थित उनके घर आया करता था। गुरुवार शाम से रोहन घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। रात में कूलिंग पौंड के पास उसकी टोपी और चप्पल रखी होने की जानकारी मिली थी।

शुक्रवार सुबह पौंड में युवक का शव तैरता हुआ दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सेक्टर-4 थाना के एसआई एम.ए. हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट