खनिज कानून के खिलाफ कांग्रेस का शंखनाद, 26 सितंबर को लोकभवन घेराव का ऐलान

खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में कांग्रेस ने झारखंड में व्यापक आंदोलन का ऐलान किया है।

बोकारो : खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में कांग्रेस ने झारखंड में व्यापक आंदोलन का ऐलान किया है। सोमवार को बोकारो के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक कानून के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर अधिकार से जुड़ी है। बाबूलाल मरांडी के बारे में कहा कि वह हमेशा कहते हैं एमएमडीआर कानून से राज्य को फायदा होगा। लेकिन यह नहीं बताते कि नुकसान क्या होगा। 

अब्दुल करीम अंसारी ने कहा- कांग्रेस प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तर पर धरना, प्रदर्शन, जनसंवाद और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करेगी

अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तर पर धरना, प्रदर्शन, जनसंवाद और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करेगी। आंदोलन में आदिवासी, किसान, मजदूर, छात्र-युवा और स्थानीय समुदायों को जोड़ने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों से जुड़े फैसलों में राज्य और स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने 26 सितंबर को लोकभवन में प्रस्तावित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. पी नैय्यर और जितेंद्र यादव ने भी कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट