बोकारो : बोकारो व्यवहार न्यायालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला और उसके पति के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। महिला ने अपने पति और उनके अधिवक्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर भड़ास निकाली। विवाद छुड़ाने पहुंचे लोगों को भी कथित तौर पर मारपीट का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामला बोकारो व्यवहार न्यायालय परिसर का है।
किसी मामले को लेकर महिला और उसके पति के बीच पहले कहासुनी हुई
बताया जा रहा है कि किसी मामले को लेकर महिला और उसके पति के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और परिसर में ही गुत्थमगुत्था होने लगी। महिला ने अपने पति के साथ मौजूद अधिवक्ता पर भी आरोप लगाते हुए जमकर विरोध जताया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया।
झगड़ा छुड़ाने पहुंचे कुछ लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई
आपको बता दें कि झगड़ा छुड़ाने पहुंचे कुछ लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। वहीं, पूरे मामले में दूसरे पक्ष का क्या कहना है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही विवाद की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट