झारखंड के बोकारो जिले के प्रसिद्ध रक्तगुरु स्वर्गीय डॉ. यू. मोहनलि की प्रथम पुण्यतिथि पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड सेंटर, बोकारो में श्रद्धांजलि एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिविर में 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।
रक्तदान करने पहुंचे मनीष सिंह ने बताया कि उन्होंने अब तक 64 बार रक्तदान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी मौसी को कैंसर था, जिसके बाद से उन्होंने रक्तदान करना शुरू किया। मनीष ने सभी स्वस्थ लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। वहीं रक्तदाता सुष्मिता ने कहा कि जब शरीर लगातार रक्त बनाता है, तो जरूरतमंदों के लिए रक्तदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अंगदान के लिए भी आगे आने की अपील की।
सिविल सर्जन अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए सभी को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस सामाजिक मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट