भारी बारिश में सेक्टर-6 के आवास की सीढ़ी की रेलिंग ढही, चार परिवार फंसे

बोकारो में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जर्जर आवासों की स्थिति अब चिंता बढ़ाने लगी है। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के 6बी स्थित आवास संख्या 1127 से 1135 ब्लॉक की सीढ़ी की रेलिंग अचानक भरभराकर ढह गई।

बोकारो में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जर्जर आवासों की स्थिति अब चिंता बढ़ाने लगी है। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के 6बी स्थित आवास संख्या 1127 से 1135 ब्लॉक की सीढ़ी की रेलिंग अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सीढ़ी का हिस्सा गिरने के कारण ऊपर के आवासों में रहने वाले चार परिवार फंस गए हैं।

घटना के बाद नगर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ऊपर रहने वाले परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। साथ ही क्षतिग्रस्त सीढ़ी की मरम्मत का काम भी शुरू कराया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण जर्जर आवासों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले दो महीनों में जर्जर आवासों के क्षतिग्रस्त होने की यह चौथी घटना बताई जा रही है। इससे इन आवासों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी डीएसपी राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस और नगर प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार बारिश के बीच जर्जर आवासों में सामने आ रही घटनाओं ने उनकी सुरक्षा और मरम्मत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत है कि ऐसे आवासों की समय रहते जांच और मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट