झारखंड में इन दिनों संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसी के मद्देनजर बोकारो सदर अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पताल में 14 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर संदिग्ध या संक्रमित मरीजों को तत्काल भर्ती कर इलाज किया जा सके।
बताया जा रहा है कि झारखंड में बाहर से आए कुछ लोगों की जांच में इन्फ्लुएंजा-ए, स्वाइन फ्लू और रैट फीवर जैसे संक्रमण की बात सामने आई है। हालांकि, बोकारो सिविल सर्जन अभय भूषण प्रसाद ने स्पष्ट किया कि झारखंड में स्थानीय स्तर पर इस तरह के संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है और जिन लोगों में संक्रमण पाया गया है, वे बाहर से आए हुए हैं।
सीएस के मुताबिक इन संक्रमणों में सर्दी, खांसी, बुखार और सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अगर लंबे समय तक सर्दी, बुखार या सिरदर्द बना रहता है तो लोगों को जांच जरूर करानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इन संक्रमणों की जांच फिलहाल झारखंड में रांची के RIMS और जमशेदपुर के MGM अस्पताल में की जा रही है। वहीं, रेट फीवर से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, दूषित पानी से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल बोकारो सदर अस्पताल किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट