बोकारो: उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता बुधवार को बोकारो पहुंचे। इससे पहले वह 21 जुलाई को बोकारो आए थे। उस दौरान उन्होंने एक ही स्थान पर लंबे समय से पदस्थापित और बार-बार एक ही जगह पदस्थापन पाने वाले कर्मियों को लेकर गंभीरता दिखाई थी। आयुक्त ने उपायुक्त को ऐसे कर्मियों का जल्द स्थानांतरण करने का स्पष्ट निर्देश दिया था।
हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी निर्देश पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। पत्रकारों से बातचीत में आयुक्त ने कहा कि जिला स्तर पर कर्मियों के स्थानांतरण की जिम्मेदारी उपायुक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि उनके पूर्व निर्देश का पालन नहीं हुआ है, तो वह मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
पिछली जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई थी। कुछ ऐसे कर्मी, जिन्हें कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान नहीं था, वे सरकारी डोंगल का इस्तेमाल करते हुए बाहर साइबर कैफे से दाखिल-खारिज जैसे संवेदनशील और गोपनीय सरकारी कार्य कर रहे थे। अब देखना होगा कि आयुक्त के दोबारा संज्ञान लेने के बाद ऐसे कर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट