बोकारो : बोकारो में साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ला में 17 अक्टूबर को हुई इस घटना के आरोपी राजेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस से भरी मैगजीन और एक खाली मैगजीन बरामद की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और मैगजीन बरामद की थी
बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में मासूम बच्चे की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद बोकारो एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और मैगजीन बरामद की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
23 अक्टूबर को आरोपी राजेश कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया
इसी बीच 23 अक्टूबर को आरोपी राजेश कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार रखने और संबंधित मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। इस घटना ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और पूरे इलाके को झकझोर दिया।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट