प्रशांत किशोर पहुंचे भोजपुर के जवानियां गांव, दिवाली के मौके पर बाढ़ से बेघर लोगों का जाना हाल

भोजपुर: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज सोमवार को दिवाली के मौके पर भोजपुर जिले के बाढ़पीड़ित जवानियां गांव पहुंचे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Oct 20, 2025, 7:47:00 PM

भोजपुर:  जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज सोमवार को दिवाली के मौके पर भोजपुर जिले के बाढ़पीड़ित जवानियां गांव पहुंचे। उन्होंने दोपहर से देर शाम तक का वक्त गांव के पास बांध पर शरण लिए लोगों के साथ बिताया। उनका हाल जाना और उनके साथ ही दिवाली कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रशांत किशोर ने इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस गांव के करीब 700 परिवार आज बांध के किनारे किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं। सरकार इनको भूल गई है। इसलिए हम देखने आए हैं कि हमारे बीच के ही लोग किस तरह कठिन परिस्थिति में जीवन बिता रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम फिलहाल इनकी कोई मदद नहीं कर सकते हैं। लेकिन यहां आए हैं ताकि यह बता सकें कि जैसे आज सरकार इनकी चिंता नहीं कर रही है। कल अगर किसी और के साथ ऐसा हुआ तो उनकी चिंता भी नहीं करेगी। इसलिए बिहार के लोगों से अपील है कि जिन लोगों को सरकार ने उनके हाल पर छोड़ दिया है, हर हालत में ऐसी सरकार को हटाइए। एक नई व्यवस्था बनाइए।

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि जनता के वोट से ही सरकार की संवेदना बदलेगी। जैसे बिहार में पेंशन-मानदेय बढ़ गया। वैसे ही जो नई सरकार आएगी वो जवानियां गांव को फिर से बसाने के लिए संसाधन निकालेगी। सभी बिहारवासियों से अनुरोध है कि दिवाली मनाते हुए भी इस गांव के लोगों के संघर्ष में साथ दीजिए।