पटना : बिहार शिक्षा विभाग ने छुट्टियों को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किया है। बिहार के स्कूलों में छुट्टियों के दौरान भी शिक्षकों को होमवर्क और प्रोजेक्ट वर्क देना होगा। गर्मी, सर्दी और दीपावली से छठ तक की छुट्टियों में विद्यार्थियों को होमवर्क मिलेगा। सभी विषयों के शिक्षकों को विद्यार्थियों के लिए प्रोजेक्ट वर्क तैयार करना होगा। छुट्टियां समाप्त होने के बाद शिक्षकों के स्तर पर होमवर्क का मूल्यांकन होगा।
विद्यार्थियों ने कितना और कैसा काम किया, इसकी भी होगी समीक्षा - शिक्षा विभाग
बिहार के शिक्षा विभाग ने कहा कि विद्यार्थियों ने कितना और कैसा काम किया, इसकी भी समीक्षा होगी। शिक्षकों ने होमवर्क दिया या नहीं, इसकी जिला स्तर पर ली फीडबैक जाएगी। शीतकालीन अवकाश 25 से 31 दिसंबर तक, जबकि ग्रीष्मकालीन अवकाश दो से 21 जून तक रहेगा। दीपावली से छठ तक 29 अक्टूबर से छह नवंबर तक छुट्टी रहेगी। गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा।