पटना: राज्य के मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड स्थित लालू छपरा मध्य विद्यालय में छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से स्पर्श करने के मामले में इस घटना के आरोपी शिक्षकों पर विभाग की गाज गिर गयी है। शिक्षा विभाग ने इस मामले में कडी कार्रवाई की है। कार्रवाई शुक्रवार को की गयी।
मिली जानकारी के अनुसार पारू प्रखंड स्थित लालू छपरा मध्य विद्यालय में यह खबर सामने आयी थी कि यहां छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से स्पर्श किया गया है। जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते स्कूल के विशिष्ट शिक्षक रतन लाल सहनी और प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को निलंबित कर दिया गया।
शिक्षक सहनी पर छात्राओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को दूषित करने का आरोप है। जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर आरोप है कि शिक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत के बाद भी उन्होंने समय पर कार्रवाई नहीं की। इसे उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही माना गया है। दोनों के विरुद्ध आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा। विभागीय कार्यवाही के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।