पटना: पुरानी लेकिन प्रसिद्ध कहावत है कि अगर इंसान के मन में कुछ कर गुजरने की सच्ची लगन हो, तो कोई भी मुश्किल उसे रोक नहीं सकती। बिहार के जमुई जिले में एक ऐसी ही कहानी सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया है कि अगर स्कूल की इमारत टूट भी जाए, तो हौसलों की उड़ान कभी नहीं रुकती। यह कहानी है बरहट प्रखंड के गुरमाहा गांव की बेटियों की, जिनके सपनों को बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) ने एक नया आसमान दिया है। गुरमाहा गांव में कुछ समय पहले नक्सली हिंसा के कारण स्कूल की इमारत पूरी तरह तहस-नहस हो गई थी। स्कूल टूटने के बाद गांव के बच्चों, खासकर बेटियों की पढ़ाई पर जैसे ब्रेक लग गया। उनके सामने यह बहुत बड़ा संकट था कि अब आगे की पढ़ाई कैसे होगी। लेकिन इन मुश्किल हालातों में भी गांव की तीन बेटियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड का सहारा लिया और इसमें एडमिशन लेकर अपनी रुकी हुई पढ़ाई दोबारा शुरू की।
81% अंकों के साथ सपना ने रचा इतिहास
इन्हीं तीन बेटियों में से एक है सपना कुमारी, जिसने 10वीं की परीक्षा में 81% नंबर लाकर पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। सपना अब अपने गांव गुरमाहा की पहली ऐसी बेटी बन गई है, जिसने मैट्रिक की परीक्षा पास की है। सपना की यह सफलता सिर्फ उसकी नहीं है,यह पूरे गांव के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है कि हालात चाहे जितने भी बुरे हों, पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए।
BBOSE ,अधूरे सपनों को पूरा करने का मौका
सपना कुमारी जैसी और भी हजारों कहानियाँ हैं, जिन्हें बीबोस के माध्यम से एक नई जिंदगी मिली है। बिहार सरकार का यह बोर्ड उन सभी लोगों के लिए उम्मीद की एक बहुत बड़ी किरण है, जिनकी पढ़ाई किसी भी कारण से बीच में ही छूट गई थी। यह बोर्ड लोगों को यह आजादी देता है कि वे अपनी सुविधा और समय के अनुसार पढ़ाई कर सकें और 10वीं या 12वीं की परीक्षा पास कर सकें।
आंकड़े बताते हैं कि अब तक एक लाख 85 हजार 987 लोग इस बोर्ड के जरिए अपनी परीक्षा दे चुके हैं। यह बढ़ती हुई संख्या बताती है कि लोग BBOSE पर कितना भरोसा कर रहे हैं। सही मायनों में यह बोर्ड सिर्फ एक परीक्षा पास करने का तरीका नहीं है, यह उन लोगों के लिए फिर से अपने पैरों पर खड़े होने और अपने अधूरे सपनों को पूरा करने का एक सुनहरा मौका है।