पटना: राज्य के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 24 अक्टूबर को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस माह की संगोष्ठी की थीम 'बिहार की गौरवशाली परम्पराएं’ रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बिहार की समृद्ध परम्पराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने पर जोर दिया जाएगा।
संगोष्ठी और विद्यालयों में आधारभूत संरचना से जुड़ी जरूरतों की समीक्षा के लिए गुरुवार को शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के आलोक में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) सहित अन्य विद्यालयों में आधारभूत संरचना के बारे में जिलों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा की गई।
बैठक में सरस्वती विद्या निकेतन के प्रधानाध्यापकों द्वारा दिए जाने वाले दैनिक प्रतिवेदन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशाला और आईएसएम लैब के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की गई। बैठक में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) शामिल हुए। वहीं, सरस्वती विद्या निकेतन के प्रधानाध्यापक अपने-अपने जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष से ऑनलाइन बैठक में जुड़े।