देश के टेलीकॉम सेक्टर के लिहाज से बड़ी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश की सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल और तीसरी बड़ी टेलीकॉम कंपनी Vi ने एक साथ आने का फैसला किया है। इन दोनों ही दिग्गज कंपनियों ने अपने नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरिंग समझौते को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। अगर सबकुछ सही रहा तो अब दोनों ही कंपनियां एक दूसरे का नेटवर्क इस्तेमाल कर सकेंगी। इन दो बड़ी कंपनियों की तरफ से जिस तरह के कदम उठाये गये हैं, उसके अनुसार यह कदम देश के टेलीकॉम सेक्टर के लिए काफी अहम साबित हो सकता है और यह बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
विभिन्न बिजनेस रिपोर्ट्स के अनुसार टेलीकॉम सेक्टर की ये दोनो अहम कंपनियां अब तक एक दूसरे के नेटवर्क को शेयर कर रही थी लेकिन उसका दायरा बहुत सीमित था। लेकिन अब जब दोनों कंपनियां साथ आने का फैसला कर रही हैं तो ऐसा माना जा रहा है कि इनका नेटवर्क अब पूरे देश में सभी टेलीकॉम सर्किल में फैल सकता है। इन दोनों कंपनियों के साथ आने के बाद इनके नेटवर्क में मजबूती आ सकती है साथ ही कनेक्टिविटी में भी सुधार हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार Vi के सीईओ अभिजीत किशोर और BSNL के चेयरमैन रॉबर्ट जे. रवि के बीच एक बड़ी बैठक हुई है।
टेलीकॉम सेक्टर के इस अहम बदलाव के बाद ऐसा माना जा रहा है कि देश की दो अहम टेलीकॉम कंपनियों जियो और एयरटेल को कडी टक्कर मिल सकती है। देश के टेलीकॉम सेक्टर में इन दोनों कंपनियों का सबसे बडा शेयर है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार दोनों कंपनियों ने इस पार्टनरशिप को नेटवर्क विस्तार और ऑपरेशंस को और बेहतर करने का निर्णय लिया है। अगर इन दोनों कंपनियों के बीच नेटवर्क शेयरिंग एग्रीमेंट हो जाएगा तो यह BSNL और Vi दोनों के लिए ही लाभप्रद हो सकता है। दोनों कंपनियों के बीच रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल भी लागू हो सकता है। इससे Vi को BSNL के ग्राहकों से कमाई करने का मौका मिल सकेगा। इसके साथ-साथ BSNL भी Vi के ग्राहकों के जरिए ज्यादा राजस्व कमा सकेगा।
इन दोनों कंपनियों के साथ आने से आम ग्राहकों को आने वाले दिनों में महंगे रिचार्ज प्लान से थोड़ी राहत मिल सकेगी। लोगों को Airtel-Jio से हटकर Vi या BSNL में से किसी को चुनने का मौका मिलेगा। Vi का नेटवर्क Airtel-Jio के मुकाबले कमजोर है और पूरे देश में Vi का 5G नेटवर्क भी नहीं है। ऐसे में BSNL के लाखों टावरों की मदद से Vi अपने नेटवर्क को मजबूत कर सकेगा और एक विकल्प के तौर पर उभर सकेगा।