हाजीपुर (वैशाली): वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में एक युवक को गोली मारकर लापता कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। लापता युवक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक निवासी स्वर्गीय कुशेश्वर राय के पुत्र टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया है। वहीं लापता युवक की तलाश में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से विभिन्न जगहों पर खोजबीन की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार एवं सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हाजीपुर (वैशाली) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट