हाजीपुर (वैशाली) : वैशाली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव स्थित बगुलिया गाछी में मध्य निषेध विभाग, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नशे के कारोबार से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नीरज, पवन और भानु के रूप में हुई है
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नीरज कुमार, पवन ठाकुर और भानु कुमारी के रूप में हुई है। तीनों माइल गांव थाना बिदुपुर, जिला वैशाली के निवासी बताए गए हैं। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान कुल 119.29 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। इसमें छोटे डिब्बे में रखे तीन पैकेट और बड़े डिब्बे में रखे छह पैकेट शामिल हैं। इसके अलावा मौके से 12 लाख 33 हजार 160 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।
बरामद नकदी और मादक पदार्थों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है
बरामद नकदी और मादक पदार्थों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसके कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस अब जब्त की गई 12 लाख 33 हजार 160 रुपए की नकदी के स्रोत की भी जांच कर रही है। साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार के नेटवर्क, खरीद-बिक्री और संभावित सप्लाई चेन को खंगाला जा रहा है।
बिदुपुर में हुई इस संयुक्त छापेमारी को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है
बिदुपुर में हुई इस संयुक्त छापेमारी को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। तीन लोगों की गिरफ्तारी और लाखों रुपये की नकदी के साथ मादक पदार्थों की बरामदगी के बाद इलाके में इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट