हाजीपुर, वैशाली। जन्मदिन पर जश्न और उत्सव मनाने की परंपरा से आगे बढ़कर वैशाली जिला परिषद अध्यक्ष आशुतोष कुमार दीपू ने मानवता और समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश की। अपने जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को हाजीपुर स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों को जिला परिषद अध्यक्ष की ओर से सम्मानित भी किया गया।
जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा रक्त
जिला परिषद अध्यक्ष आशुतोष कुमार दीपू ने बताया कि शिविर में एकत्रित रक्त को वैशाली ब्लडलाइन के पास सुरक्षित रखा जाएगा। भविष्य में जरूरतमंद मरीजों को रक्त की आवश्यकता होने पर इसका उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से वे अपने जन्मदिन और अपने बच्चों के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन करते आ रहे हैं। उनका प्रयास है कि यह सामाजिक पहल आगे भी निरंतर जारी रहे और अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ें।
डीएम ने की पहल की सराहना, रक्तदाताओं को किया जाएगा सम्मानित
इस मौके पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। एकत्रित किए गए सभी रक्त की आवश्यक जांच की जाएगी और सुरक्षित पाए जाने वाले रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से वैशाली जिले में जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे आपात स्थिति में रक्त के लिए पटना जाने की मजबूरी भी कम हो सकती है।
जन्मदिन पर दिया मानवता और सेवा का संदेश
रक्तदान शिविर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जन्मदिन केवल अपनी खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां लाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। रक्तदान महादान है, क्योंकि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
हाजीपुर/वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट