सुपौल पहुंचे CM सम्राट चौधरी, कोसी-मेची लिंक प्रोजेक्ट का लिया जायजा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुपौल जिले के बलुआ बाजार पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोसी-मेची लिंक प्रोजेक्ट का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुपौल जिले के बलुआ बाजार पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कोसी-मेची अंतरराज्यीय लिंक परियोजना का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट की देरी से बलुआ बाजार स्थित हेलीपैड पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। हेलीपैड पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

प्रतिमा अनावरण से पहले मुख्यमंत्री ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पैतृक मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा का अनावरण किया और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मिश्र के पैतृक आवास भी पहुंचे और परिवार के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इसके बाद उनका काफिला चैनपुर स्थित निर्माणाधीन कोसी-मेची लिंक परियोजना के स्थल के लिए रवाना हुआ।

चैनपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की स्थिति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी। इसके बाद कैंप कार्यालय में परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक और प्रस्तुतीकरण भी हुआ। मुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कोसी-मेची लिंक परियोजना को उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इससे सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने, कृषि क्षेत्र को लाभ पहुंचने और बाढ़-सूखे की समस्या से प्रभावित इलाकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आरएस समेत वरीय अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे।

सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट