सीवान के दरौंदा रेलवे स्टेशन पर जनसेवा एक्सप्रेस में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। महिला ट्रेन से सफर कर रही थी, इसी दौरान अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और ट्रेन के अंदर ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया। महिला और उसका बच्चा दोनों सुरक्षित है। रेलवे सुरक्षा बल के द्वारा एम्बुलेंस से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। मामला सिवान जिला के दरौंदा रेलवे स्टेशन का है।
बताया जा रहा है कि डाउन जनसेवा एक्सप्रेस दरौंदा रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रही महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालात ऐसे बने कि महिला ने ट्रेन के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया। अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में यात्रियों के बीच हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही दारौंदा रेलवे सुरक्षा बल चौकी प्रभारी ग्यास सरवर सक्रिय हुए। रेलवे कर्मियों और अन्य लोगों की मदद से महिला और नवजात को सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतारा गया।इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला और नवजात की जांच की। दोनों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी गई।
वहीं प्रसव के बाद RPF की ओर से दिखाई गई तत्परता की यात्रियों ने सराहना की। समय रहते मां और नवजात को अस्पताल पहुंचाने से दोनों को जरूरी चिकित्सकीय देखभाल मिल सकी। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट