मौनिया बाबा मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में उमड़ने वाली संभावित भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए महाराजगंज शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया गया है। सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा तो इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौके पर मौजूद रहे।
मौनिया बाबा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। इसी को लेकर महाराजगंज शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
प्रशासनिक टीम जैसे ही सड़क पर उतरी, बुलडोजर के साथ अधिकारियों और पुलिस बल ने सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। कार्रवाई शुरू होते ही सड़क किनारे दुकान लगाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग खुद ही अपना सामान हटाते नजर आए।
कार्रवाई के दौरान महाराजगंज एसडीएम, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत पुलिस बल के जवान मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क किनारे अतिक्रमण वाले स्थानों को खाली कराया गया और रास्ते को सुगम बनाने की कार्रवाई की गई।
खास बात यह है कि प्रशासन की यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई। नगर पंचायत की ओर से पहले ही सार्वजनिक सूचना जारी कर दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी, ठेला, खोमचा और सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई थी। प्रशासन ने सड़क और नालों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को 24 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया था।
सड़क किनारे बालू, मिट्टी या अन्य निर्माण सामग्री रखकर रास्ता बाधित करने वालों को भी इसे हटाने की हिदायत दी गई थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने अब जमीन पर उतरकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि कार्रवाई के दौरान अगर किसी की दुकान या सामान अतिक्रमण की स्थिति में पाया जाता है तो सामान जब्त किया जा सकता है और नियमानुसार दंड की राशि भी वसूली जा सकती है। यानी प्रशासन अब सिर्फ चेतावनी देने के मूड में नहीं है, बल्कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
इसके साथ ही दुकानदारों को सड़क पर कचरा नहीं फेंकने का भी निर्देश दिया गया है। नगर पंचायत ने दुकानों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में रखने को कहा है। सड़क पर कचरा फेंकते हुए पकड़े जाने पर भी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, मौनिया बाबा मेले के दौरान शहर में बाहर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में सड़क किनारे दुकान, ठेला या निर्माण सामग्री के कारण रास्ता संकरा हुआ तो जाम और भीड़ की समस्या बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन पहले से ही शहर की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है।
महाराजगंज में आज की बुलडोजर कार्रवाई को इसी तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन का संदेश साफ है—मेले से पहले सड़कें होंगी अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट