सिवान के महाराजगंज में वर्षों से जर्जर सड़क और अधूरे नाले की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसडीएम अनीता सिन्हा खुद मौके पर पहुंचीं और नगर पंचायत की टीम के साथ हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया।
यह तस्वीरें महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र के मोहन बाजार स्थित मदरसा के समीप की हैं, जहां वर्षों से जर्जर सड़क और अधूरे नाले की जटिल समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। बरसात में सड़क पर जलजमाव और गंदे पानी के बहाव से आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिन्हा से शिकायत की। शिकायत मिलते ही गुरुवार सुबह एसडीएम अनीता सिन्हा नगर पंचायत के पदाधिकारी सोनाली छाया और कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं और औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने अधिकारियों को सड़क की बदहाल स्थिति और नाले के अभाव में हो रही जलजमाव की समस्या से अवगत कराया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है और गंदा पानी सड़क पर बहने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है।
मौके पर निरीक्षण के दौरान
एसडीएम अनीता सिन्हा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सड़क और नाले के निर्माण का टेंडर पहले ही पूरा हो चुका है। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और गुणवत्ता के साथ सड़क एवं नाले का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके। एसडीएम के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी। वहीं नगर पंचायत के अधिकारियों ने भी निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की बात कही और आवश्यक प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का भरोसा दिया।
जनता की शिकायत पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने लोगों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है। अब देखना होगा कि निर्माण कार्य कितनी तेजी से शुरू होता है और लोगों को राहत कब तक मिलती है।अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि निर्माण कार्य कब शुरू होता है और लोगों को राहत कब तक मिलती है।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट