सिवान : सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी में बदल गया। विवाद के दौरान सुनील साह ने हथियार से फायरिंग कर दी, जिसमें ट्रैक्टर मालिक छोटन यादव घायल हो गए। घायल की पहचान बेलवार निवासी हीरालाल यादव के 36 वर्षीय पुत्र छोटन यादव के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें रघुनाथपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वह रोज पड़ोसी के खेत में अपना ट्रैक्टर खड़ा करते थे। इसी बात को लेकर एक व्यक्ति लगातार विरोध कर रहा था - घायल छोटन
घायल छोटन यादव ने बताया कि वह रोज पड़ोसी के खेत में अपना ट्रैक्टर खड़ा करते थे। इसी बात को लेकर एक व्यक्ति लगातार विरोध कर रहा था। बुधवार की रात भी इसी को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सुनील साह हथियार लेकर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। गोली और छर्रे लगने से छोटन यादव के हाथ और दोनों पैरों में चोट आई। सदर अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब होने के कारण बाहर से जांच कराई गई, जिसमें शरीर में करीब दर्जनभर छर्रे फंसे होने की बात सामने आई। सदर-2 एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि गोली चलने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एफएसएल टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट