गांव में प्रशासन ने सुनी फरियाद, सहयोग शिविर में ग्रामीणों को मिला ऑन-द-स्पॉट समाधान

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार दरौंदा प्रखंड के रामगढ़ा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार दरौंदा प्रखंड के रामगढ़ा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों के जल्द समाधान का भरोसा दिया गया। 

शिविर में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, पारिवारिक लाभ योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदनों की सुनवाई की और जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निष्पादन किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े। इसी सोच के तहत गांव स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को उनके गांव में ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके। 

शिविर के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं हटाने, मनरेगा जॉब कार्ड, लंबित मजदूरी भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, आवास योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लाभुकों को आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर उनकी सहायता की. ग्रामीणों ने गांव में ही अधिकारियों की मौजूदगी और समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष जताते हुए इस पहल की सराहना की।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के सहयोग शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सहयोग शिविर में एसडीएम अनिता कुमारी, बीडीओ सिंपी कुमारी, अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, बीएओ राम वीर सिंह यादव, बीईओ सौरभ सुमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट