सीवान में दीपावली की रात दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दो लोगों को सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना महादेवा थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के समीप की है।
मृतकों की पहचान बरहनी निवासी गोलू राम, रसूलपुर निवासी मुकेश चौहान और गोपालगंज जिले के मांझा निवासी सनीस के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों में रसूलपुर निवासी गोलू चौहान और अभिषेक चौहान शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दीपवाली की रात एक बाइक पर सवार तीन लोग,जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग कहीं जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इस तरह हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट