सीवान में एक शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को सिर्फ अंडरवियर में गांव में घुमाते और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो 16 अगस्त की आंदर थाना क्षेत्र के उज्जैन बंगरा गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति उज्जैन बंगरा गांव का मनोज सिंह।
आरोप है कि मनोज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ लोगों ने मनोज सिंह को पकड़ लिया। इसके बाद कथित तौर पर उसके कपड़े उतरवाकर उसे गांव में घुमाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब वायरल वीडियो, दोनों पक्षों के आरोप और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
सिवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट