सिवान : सिवान से इस वक्त की बड़ी खबर है। जिले में अपराध की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। दरौंदा थाना क्षेत्र के कमला चौक के समीप दुकान बंद कर घर लौट रहे एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ कथित लूट की वारदात के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीवान के पुलिस कप्तान भारत सोनी खुद घटनास्थल पर पहुंचे, मामले की जानकारी ली और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
SP भारत सोनी का एक्शन मोड, खुलासे के लिए कई टीमें तैनात
दरअसल, दरौंदा थाना क्षेत्र के कमला चौक के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने कथित तौर पर स्वर्ण व्यवसायी रतनेश कुमार को ओवरटेक कर घेर लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित की चनचौरा बाजार में सोने की दुकान है। घटना के दौरान उनके सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही SP घटनास्थल पर पहुंचे
वारदात की सूचना मिलते ही सीवान के एसपी भरत सोनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी से बातचीत कर घटना की जानकारी हासिल की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही कांड का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।
फायरिंग की चर्चा, जांच के बाद स्पष्ट होगी तस्वीर
घटना के दौरान दुकानदार की ओर से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और पूरी घटना का वास्तविक घटनाक्रम क्या था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस का ध्यान आरोपियों की पहचान करने, उनकी तलाश करने और लूट की वारदात की कड़ियों को जोड़ने पर है।
मोबाइल शोरूम में चोरी के बाद अब स्वर्ण व्यवसायी से लूट, कारोबारियों में दहशत
गौरतलब है कि बीते चार अक्टूबर की रात महाराजगंज में एक सैमसंग मोबाइल शोरूम से कथित तौर पर करीब 40 से 50 लाख रुपए मूल्य के मोबाइल फोन की चोरी की घटना भी सामने आई थी। अब स्वर्ण व्यवसायी के साथ लूट की वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है। व्यवसायियों के लिए दशहरा से दीपावली तक का समय साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी दौर में गिना जाता है। ऐसे में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कारोबारी वर्ग को आशंका है कि त्योहारों के इस व्यस्त सीजन में ऐसी घटनाएं उनके कारोबार और सुरक्षा, दोनों को प्रभावित कर सकती हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल तीनों अपराधी कब होंगे गिरफ्तार?
फिलहाल पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि कमला चौक के समीप स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने वाले तीनों कथित अपराधी कौन हैं? क्या पुलिस जल्द उनकी पहचान कर गिरफ्तारी कर पाएगी? और क्या मोबाइल शोरूम में चोरी समेत अन्य घटनाओं पर भी पुलिस को बड़ी सफलता मिलेगी? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर निर्भर करते हैं।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट