रिश्वत मांगने का आरोप, बाजपट्टी के सीओ को निगरानी की टीम ने किया गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 15, 2026, 9:54:00 AM

राज्य के सीतामढी जिले से अहम खबर है। यहां निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वत मांगने के आरोप मे बाजपट्टी अंचल के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामला 2025 है। टीम सीओ को अपने साथ लेकर चली गयी।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के बाजपट्टी अंचल के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की टीम ने वर्ष 2025 में दर्ज एक भ्रष्टाचार के मामले में जारी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम ने बाजपट्टी स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि सीओ प्रभात कुमार पर बाजपट्टी के पिपराढी गांव के निवासी नरेश राम ने बीस हजार रूपये रिश्वत मांगने का आरोप को लेकर शिकायत दर्ज करायी थी।

निगरानी के द्वारा इसकी जांच की गयी। जांच में आरोप सही पाया गया। इसके बाद सीओ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार निगरानी की टीम पिछले साल ही सीओ को अपने ट्रैप में लेने की कोशिश में थी। लेकिन किसी मीटिंग में बिजी रहने के कारण टीम अपने कार्य को अंजाम नहीं दे सकी। इस पूरी प्रक्रिया में कोर्ट द्वारा सीओ को तीन बार नोटिस जारी करने की भी सूचना है। सीओ नोटिस के बाद भी हाजिर नहीं हुए। जिसके बाद निगरानी की कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।

इधर सीओ के गिरफ्तार होने की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सरकारी आवास के आसपास लोगों की भीड़ भी जुट गई। फिलहाल निगरानी की टीम प्रभात कुमार को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। मामले में निगरानी विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी दिए जाने की प्रतीक्षा है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।