ऑटो और पिकअप में जोरदार भिड़ंत, चाचा-भतीजे की मौके पर मौत

रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के खनीता गांव के समीप शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो लोगों की घटना स्थल पर हीं मौत हो गई।

सासाराम : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के खनीता गांव के समीप शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। मृतकों की पहचान बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वसुदेवा बिंद टोली गांव निवासी भगवान बिंद (58 साल) और हरेंद्र बिंद (45 साल) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक आपस में चाचा और भतीजा बताए जाते हैं। एक साथ परिवार के दो लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

ऑटो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। इस हादसे में दो लोगों की घटना स्थल पर हीं मौत हो गई, जबकि दो महिला समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। 

इलाज करा कर लौट रहा था पीड़ित परिवार

बताया जाता है कि मृतक भगवान बिंद को लकवा के इलाज के लिए दिनारा के मठिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल में लाया गया था। यहां इलाज के बाद परिवार के सभी लोग एक ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। 

हादसे की जांच में जुटी पुलिस 

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दिनारा थाने की पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है और दो महिला समेत पांच घायल लोगों का इलाज चल रहा है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट