सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम से शुक्रवार को डॉक्टरों की कथित लापरवाही के कारण एक प्रसूता एवं उसके नवजात शिशु की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सदर प्रखंड के वनरसिया गांव निवासी जोगिंदर बिंद के लगभग 25 वर्षीय पुत्री निर्मला देवी के रूप में हुई है। इनके पति विकास प्रजापति दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बता दें कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण घटित हुई इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए अस्पताल एवं सड़कों पर हंगामा भी किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।
शिशु के बाद मां की मौत
घटना के संदर्भ में परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात प्रसव पीड़ा होने के बाद महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक ने उसे शहर के दूसरे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। हालांकि शहर के साइनाथ हॉस्पिटल में ले जाने पर चिकित्सकों ने सुरक्षित प्रसव कराने का आश्वासन दिया, लेकिन प्रसव के बाद नवजात की तत्काल मौत हो गई और महिला की भी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए जब उसे इलाज के लिए बनारस ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में हीं उसकी मौत हो गई।
अस्पताल की लापरवाही और मुआवजे की मांग
वहीं, जच्चा बच्चा की मौत पर नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन मुआवजे की मांग करते हुए घटना के बाद भाग खड़े हुए चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हालांकि सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। मामले में पुलिस का कहना है कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से आवेदन प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम के बाद सड़क जाम
इधर पोस्टमार्टम के बाद नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर शहर के बेदा में पुरानी जीटी रोड पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पुरानी जीटी रोड को पूरी तरह जाम कर दिया और महिलाएं सड़कों पर बैठ गईं। यद्यपि सूचना पर पहुंची अंचलाधिकारी एवं मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने लोगों को सड़क से हटाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था लगभग 2 घंटे तक बुरी तरह प्रभावित हुई।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट