रोहतास: रोहतास जिले के तिलौथू स्थित मां तुतला भवानी के पावन प्रांगण में मां तुतला भवानी महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। भोजपुरी गायक आर्यन बाबू, कल्पना पटवारी समेत कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
महोत्सव में रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा भी शामिल हुए। उन्होंने आने वाले दिनों में क्षेत्र में पर्यटन के विकास की संभावनाओं पर जोर दिया। मां तुतला भवानी धाम धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होने से इस क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। कलाकारों के गीत-संगीत पर दर्शक झूमते नजर आए। आर्यन बाबू और कल्पना पटवारी सहित अन्य कलाकारों की प्रस्तुति महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही।
मां तुतला भवानी महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कला एवं संस्कृति को मंच मिलने के साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिल सकती है।
रोहतास से लव कुमार की रिपोर्ट