होटल में एसडीएम की बड़ी कार्रवाई, 4 महिलाओं समेत 6 हिरासत में, कई आपत्तिजनक सामान बरामद

रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित एक होटल में मंगलवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डेहरी एसडीएम निलेश कुमार अपने दल बल के साथ अचानक छापेमारी करने पहुंचे। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से चार महिलाओं समेत 6 लोगों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया

सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित एक होटल में मंगलवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डेहरी एसडीएम निलेश कुमार अपने दल बल के साथ अचानक छापेमारी करने पहुंचे। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से चार महिलाओं समेत 6 लोगों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ चल रही है।

डेहरी स्थित अनीस होटल में छापेमारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार डेहरी एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित अनीश होटल में छापेमारी की गई। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से प्रशासन को डेहरी स्टेशन रोड स्थित अनीश होटल में अवैध गतिविधियों और देह व्यापार की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जिसके आलोक में जब एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई, तो होटल में कई लोग आपत्तिजनक हालत में पाए गए और कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं।

मामले की चल रही जांच 

एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की होटल के रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं थी और ना हीं इनके पास से पहचान संबंधी दस्तावेज मिले हैं। होटल द्वारा भी गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था और सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के क्रम में अगर अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं, तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

होटल संचालकों में हड़कंप

वहीं प्रशासन के इस कार्रवाई से डेहरी स्थित अन्य होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि संदिग्ध और अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने वाले होटलों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद हीं पूरी तस्वीर साफ होगी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट