सासाराम। बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। सासाराम के जिला अतिथि गृह में मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बांकीपुर सीट पर एनडीए की जीत तय है। सासाराम में बैठकर बांकीपुर की स्थिति नहीं देखी जा सकती, लेकिन वहां जाकर आप एनडीए की जीत स्पष्ट रूप से देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर में एनडीए के उम्मीदवार लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं और इस बार भी एनडीए की जीत होगी। बता दे कि मंत्री श्रवण कुमार मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सासाराम आए थे, जहां एनडीए के कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमाला से जोरदार स्वागत किया।
एनडीए के कार्यों से जनता प्रभावित
इस दौरान श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीस वर्षीय कार्यकाल एवं वर्तमान में सम्राट चौधरी के विकास कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर घर, जाति, धर्म और परिवार को सरकारी सुविधाओं व योजनाओं का लाभ दिया है। जनता एनडीए के कार्यों से प्रभावित है और पूरी तरह से एनडीए के पक्ष में मतदान कर रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
बांकीपुर विधानसभा सीट पर विपक्ष के चुनाव प्रचार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता ने विपक्ष को पहले ही सबक सिखा दिया है। विपक्ष मात्र 25 सीट पर सिमट चुका है और अगर एक सीट भी कम आती, तो वे नेता प्रतिपक्ष भी नहीं कहलाते। मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता और मतदाता हीं असली मालिक हैं। जनता के फैसले से किसी को ताज मिलता है, तो किसी की कुर्सी छिन जाती है और किसी को किनारे कर दिया जाता है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट