रोसड़ा में भीषण सड़क हादसा, 2 बाइकों की आमने-सामने टक्कर में वृद्ध की मौत

रोसड़ा थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पुत्र बाल-बाल बच गए।

समस्तीपुर : रोसड़ा थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पुत्र बाल-बाल बच गए। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के कुंभी गांव निवासी रामबली यादव (60 वर्ष) के रूप में हुई है। 

पुत्री के घर से लौट रहे थे पिता-पुत्र

बताया गया है कि मृतक रामबली यादव अपने पुत्र के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर रोसड़ा थाना क्षेत्र के पांचोपुर गांव स्थित अपनी पुत्री के घर गए थे। वहां से वे लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में जब उनकी बाइक रोसड़ा थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप पहुंची तो सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे 60 वर्षीय रामबली यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। 

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रोसड़ा अनुमंडल अस्पताल पहुँचाया गया, जहां जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट