समस्तीपुर: बिहार विधान परिषद् के 05-दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आज विधि महाविद्यालय, समस्तीपुर में पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
ब्रीफिंग के मुख्य बिंदु :
1. मतदान के दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
2. सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सामग्री समय से पहुंचे .
3. शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की पहचान हेतु निर्धारित वैध दस्तावेजों की ही मान्यता होगी।
4. कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे।
5. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने का निर्देश।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट