विवाद के बाद पत्नी आयी थी मायके, दामाद ने रेत दिया ससुर का गला

राज्य के समस्तीपुर जिले से बेहद खौफनाक खबर है। यहां वैवाहिक विवाद के बाद एक बेहद ही खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है।

राज्य के समस्तीपुर जिले से बेहद खौफनाक खबर है। यहां वैवाहिक विवाद के बाद एक बेहद ही खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार विवाद के बाद दामाद ने अपने ही ससुर के गले को तब रेत दिया जब वह सोये हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के मुसरीघरारी स्थित रूपौली बुजुर्ग पंचायत के बनघारा टोले में तब अचानक हडकंप मच गया, जब एक व्यक्ति के गला रेतने की खबर सामने आयी। प्राप्त खबर के अनुसार मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रूपौली बनघारा गांव के निवासी विजय दास ने अपनी बेटी की शादी उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचर बेलामेघ गांव निवासी जितेंद्र दास से की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

प्राप्त खबर के अनुसार  विवाद बढ़ने के बाद विजय दास अपनी बेटी को मायके ले आए थे। परिजनों का कहना है कि करीब दो महीने पहले यह फैसला हुआ था कि अब उनकी बेटी ससुराल नहीं जाएगी। बताया जा रहा है कि रविवार की रात दामाद जीतेंद्र दास कुछ लोगों के साथ अपने ससुराल पहुंचा। परिजनों की माने तो जीतेंद्र पहले ससुराल के घर के पास में स्थित बांसवारी में कुछ लोगों के साथ शराब का सेवन किया। इसके बाद ससुर विजय दास अपने बथान में सो गए। मिली जानकारी के अनुसार रात में अचानक शोर होने लगा जिसे सुनकर विजय दास की पत्नी मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने देखा कि विजय दास लहूलुहान हालत में पड़े हुए हैं और उनका गला कटा हुआ था। अपने पति को इस हालत में देखकर पत्नी ने बहते लहू को रोकने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि दामाद जीतेंद्र दास ने ही चाकू से गला रेतकर विजय दास की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

इधर वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घर में चीख-पुकार मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वहां परिवार के सभी सदस्य फरार मिले। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी दामाद फिलहाल फरार बताया जा रहा है। हत्या के पीछे की पूरी वजह को लेकर अलग-अलग बिंदुओं पर जांच जारी है।

ब्यूरो रिपोर्ट