शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां भगवती की आराधना और भक्ति के माहौल में सराही वार्ड नंबर 40 स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, मां विषहरा भगवती स्थान की ओर से पूर्व की भांति इस वर्ष भी भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में 121 कुमारी कन्याओं ने कलश उठाकर हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और मां भगवती के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी रही। नौ कुमारी कन्याओं ने मां दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों का मनमोहक प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
श्रद्धालुओं ने मां भगवती से सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। समिति की ओर से नवरात्र के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी की गई है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट