नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना की उच्चस्तरीय जांच टीम मंगलवार को सहरसा नगर निगम कार्यालय पहुंची। विभागीय आदेश के आलोक में टीम ने नगर निगम की विभिन्न संचिकाओं, अभिलेखों एवं प्रशासनिक दस्तावेजों का कई घंटों तक गहन अवलोकन किया।
इस दौरान विभिन्न शाखाओं से संबंधित फाइलों की जांच की गई और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी ली गई। पटना से आए जांच दल के सदस्यों ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत संचिकाओं का परीक्षण किया जा रहा है।
जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि टीम ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जांच किस विशेष मामले या शिकायत के संबंध में की जा रही है।
जांच के दौरान नगर निगम प्रशासन ने टीम को सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग दिया। अब विभाग की जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि रिपोर्ट के आधार पर ही विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सहरसा, विकास कुमार