सहरसा : श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव महिषी के अवसर पर इस बार ज्ञान, दर्शन और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के अंतर्गत 20 एवं 21 नवंबर को ऐतिहासिक मंडन मिश्र धाम में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और अकादमिक संस्थाओं से जुड़े ख्यातिलब्ध विद्वान एवं शोधकर्ता भाग लेंगे।
सेमिनार में संस्कृत साहित्य, भारतीय दर्शन, पुरातत्व, मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा और देवी उग्रतारा की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर व्यापक विमर्श होगा
सेमिनार में संस्कृत साहित्य, भारतीय दर्शन, पुरातत्व, मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा और देवी उग्रतारा की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर व्यापक विमर्श होगा। विशेष रूप से महान दार्शनिक मंडन मिश्र के मीमांसा दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा में उनके योगदान को केंद्र में रखकर विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस राष्ट्रीय आयोजन में नेशनल संस्कृत यूनिवर्सिटी, तिरुपति के पूर्व कुलपति एवं संस्कृत साहित्य के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रो. राधाकांत ठाकुर, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, भारत सरकार के पूर्व निदेशक डॉ. फणिकांत मिश्र, जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय के प्रो. रामनाथ झा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. सुमन कुमार झा व सेंट स्टीफेंस कॉलेज के प्रो. पंकज कुमार मिश्र, प्रो देवशंकर नवीन, जेएनयू, प्रो कृष्ण मोहन झा, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ असम, सिलचर से प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त साउथ एशियन यूनिवर्सिटी के डॉ. देव एन पाठक एवं डॉ. स्वाति चंद्र, एमिटी यूनिवर्सिटी के प्रो. संजय के. झा, बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के डॉ. सुमित कुमार पाठक, नालंदा महाविहार के डॉ. अविनाश कुमार, नालंदा विश्वविद्यालय के शोधकर्ता ओशविन सागर व दरभंगा विश्वविद्यालय की ममता स्नेही सहित अनेक विद्वान एवं शोधकर्ता सेमिनार में भाग लेंगे।
हिषी केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन और शास्त्रार्थ की गौरवशाली परंपरा का भी महत्वपूर्ण स्थल रहा है
आपको बता दें कि दो दिनों तक चलने वाले इस अकादमिक आयोजन में मंडन मिश्र की दार्शनिक परंपरा, मीमांसा दर्शन की प्रासंगिकता, मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भारतीय ज्ञान परंपरा और देवी उग्रतारा की उपासना एवं ऐतिहासिक महत्ता जैसे विषयों पर शोधपरक चर्चा होगी। उल्लेखनीय है कि महिषी केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन और शास्त्रार्थ की गौरवशाली परंपरा का भी महत्वपूर्ण स्थल रहा है। मंडन मिश्र की विद्वत्ता और आदि शंकराचार्य के साथ उनके शास्त्रार्थ की ऐतिहासिक स्मृतियां इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित विद्वानों की सहभागिता से आयोजित यह सेमिनार श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव को सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ बौद्धिक एवं अकादमिक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इससे महिषी और मिथिला की दार्शनिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट