नशा मुक्त कोशी अभियान: एक सप्ताह में 1103 लीटर शराब और 154.87 ग्राम स्मैक बरामद, 85 तस्कर गिरफ्तार

कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। 'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है।

सहरसा। कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान पुलिस ने 1103.56 लीटर अवैध शराब, 39.33 किलोग्राम गांजा और 154.87 ग्राम स्मैक सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। वहीं, 85 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

डीआईजी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 से 27 नवंबर 2026 के बीच की गई कार्रवाई में 2.6 लीटर कोडिन सिरप और 188 एमएल नशीला इंजेक्शन भी बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 15 मोटरसाइकिल, तीन चारपहिया वाहन, तीन मोबाइल, एक पैन कार्ड, एक डिजिटल तराजू और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 13,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। अवैध शराब के मामले में 65 तथा सूखा नशा के मामले में 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

फरवरी से अब तक 2964 तस्कर गिरफ्तार

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोशी क्षेत्र में कुल 89,497.982 लीटर अवैध शराब, 5790.39 लीटर अवैध कफ सिरप, 8436.706 किलोग्राम गांजा और 9614.972 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। इसके अलावा 13,412 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस, वाहन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। इस दौरान कुल 2964 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

हेल्पलाइन पर दें नशे के कारोबार की सूचना

डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से नशा मुक्त कोशी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से अवैध नशा कारोबार से संबंधित सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। लोग संभव हो तो कारोबारी का नाम, पता, कारोबार का स्थान, फोटो और वीडियो भी उपलब्ध करा सकते हैं। विशेष उपलब्धि वाली सूचना देने वालों को डीआईजी कार्यालय की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

डीआईजी कार्यालय ने कहा है कि कोशी क्षेत्र पुलिस नशा मुक्ति के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना देकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। 

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट