सहरसा: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर गणेश सेवा मंडल द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को पूरे उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन सुबह करीब 9 बजे शंकर चौक से भगवान श्रीगणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे एवं श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-ताशों की गूंज, भक्ति गीतों की धुन और “गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
शोभायात्रा में महिलाओं और बच्चियों की विशेष भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चियां पारंपरिक परिधान में सज-धजकर हाथों में भगवान श्रीगणेश के ध्वज लिए शामिल हुईं। “गणपति बप्पा मोरया”, “मंगलमूर्ति मोरया” के जयकारों के साथ वे भक्ति गीतों एवं “बप्पा रे बप्पा” की धुन पर झूमती और थिरकती नजर आईं। उनके उत्साह और श्रद्धा ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बना दिया।
वहीं पुरुषों एवं बच्चों की टोलियां भी ढोल-ताशों की थाप पर नाचते-गाते शोभायात्रा में आगे बढ़ती रहीं। बच्चे हाथों में गणेश जी के ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक जयकारे लगाते रहे। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरे पर भगवान श्रीगणेश के प्रति गहरी आस्था और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कई स्थानों पर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भगवान श्रीगणेश की झांकी एवं शोभायात्रा का दर्शन कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। शहर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः शंकर चौक स्थित पूजा स्थल पहुंची। इसके बाद भगवान श्रीगणेश की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ।प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बनारस से आए विद्वान पंडित एवं आचार्यों की टोली के साथ मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीगणेश का आवाहन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के दौरान पूरा पूजा स्थल आध्यात्मिक वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालु भी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर भगवान श्रीगणेश का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।शाम करीब 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आरती शुरू होते ही पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर भगवान श्रीगणेश की आराधना की और परिवार, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। गणेश सेवा मंडल द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है। महोत्सव के कारण शंकर चौक सहित आसपास का क्षेत्र अगले कई दिनों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से गुलजार रहेगा।
गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गणेश महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित शोभायात्रा, प्राण-प्रतिष्ठा एवं महाआरती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणेश सेवा मंडल से जुड़े सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट