सहरसा। जिले में कथित भू-माफियाओं द्वारा जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद-बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में सहरसा सदर थाना कांड संख्या 523/26, दिनांक 15 मई 2026 दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा गैरमजरुआ आम एवं गैरमजरुआ खास किस्म की जमीन, जिसकी जमाबंदी अपर समाहर्ता न्यायालय, सहरसा द्वारा पूर्व में रद्द की जा चुकी है, उसके बावजूद फर्जी भू-अभिलेख के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री की जा रही है।
मामले को लेकर आरोप लगाया गया है कि स्थानीय भू-माफियाओं द्वारा जिला अभिलेखागार, सहरसा के हस्ताक्षर एवं मुहर का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उनके आधार पर व्यापक पैमाने पर जमीन की खरीद-बिक्री की गई। इस संबंध में सदर एसडीपीओ कार्यालय द्वारा जिला अभिलेखागार, सहरसा से रिपोर्ट मांगी गई थी तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
बताया जाता है कि जिला अभिलेखागार ने अपनी रिपोर्ट समर्पित कर स्पष्ट किया है कि संबंधित भू-अभिलेख उसके कार्यालय से निर्गत नहीं किए गए हैं। यह रिपोर्ट कांड के अनुसंधानकर्ता को भी उपलब्ध करा दी गई है। इसके बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में सवाल उठाया जा रहा है कि जब जिला अभिलेखागार की रिपोर्ट में दस्तावेजों को अपने कार्यालय से निर्गत नहीं होना स्पष्ट किया गया है, तो फिर अनुसंधान में तेजी लाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि कथित भू-माफियाओं को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है? क्या इस मामले में किसी प्रकार का राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव है? हालांकि, इन आरोपों और आशंकाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कब तक निष्पक्ष जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करता है और जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के इस कथित मामले का पर्दाफाश करता है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट