राजधानी से बडी खबर है। पुलिस ने यहां धूम घूम कर स्मैक बेच रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से एक किलो से भी ज्यादा स्मैक बरामद किया गया है। दोनों को नेउरा इलाके से गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस संबंध में और जानकारी देते सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार ने बताया कि नेउरा थाने की पुलिस को यह सूचना मिली थी कि राजधानी के नेउरा इलाके में दो महिलाएं ऑटो में घूम घूमकर मादक पदार्थों की खरीद बिक्री कर रही हैं। सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी वेस्ट के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर-02, थानाध्यक्ष नेउरा एवं DIU, पटना की संयुक्त टीम द्वारा एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मधुपुर पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर उसकी गहन जांच की गई, जिसमें दो महिलाएं सवार थीं। तलाशी के क्रम में दोनों महिलाओं के पास से काले रंग के पॉलीथिन में रखी कुल 1715 पुड़िया स्मैक (कुल वजन 1 किलो 151 ग्राम) बरामद की गई। जब्त किए गए स्मैक की कुल कीमत लगभग पांच लाख रूपये बतायी जा रही है।
गिरफ्तार की गई महिलाओं में रोमा कुमारी और खुशी कुमारी शामिल हैं। ये दोनों ही राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना अंतर्गत चीना कोठी, मंदिरी की निवासी बताई जा रही हैं। एक अन्य अभियुक्त मिथिलेश कुमार राजधानी के मसौढी थाने का ही निवासी बताया जा रहा है। इनमें रोमा कुमारी के ऊपर बुद्ध कॉलोनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पूर्व से ही दर्ज हैं, जबकि खुशी कुमारी के ऊपर भी बुद्धा कॉलोनी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अन्य कांड में मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में दोनों महिला अभियुक्तों एवं ऑटो चालक सहित कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त ऑटो एवं 4,298/- नगद राशि भी जब्त की गयी है। पूरे मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पटना से राजन की रिपोर्ट