बिहार से बड़ी खबर है। यहां राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में सीनियर आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। कई जिलों के जिलाधिकारियों का भी तबादला कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गयी है।
हमेशा चर्चा में रहने वाले शिक्षा विभाग में भी नए सचिव बनाए गए हैं। अब तक शिक्षा विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में चल रहे विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। अब राजीव रोशन शिक्षा विभाग के नए सचिव होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी अगले आदेश तक भी विपार्ड, पटना के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। इनके पास बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के परीक्षा नियंत्रक का भी अतिरिक्त प्रभार है।
इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास का तबादला कर दिया गया है। अब यह ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव होंगे। इनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार अब वित्त विभाग के प्रधान सचिव होंगे। इनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार अब पटना के नए कमिश्नर होंगे। अब तक पटना के कमिश्नर रहे मयंक वरवड़े अब निगरानी विभाग के प्रधान सचिव होंगे।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह अब मध्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव होंगे। इनके पास वाणिज्य कर विभाग, वाणिज्य कर आयुक्त, अपर आयुक्त वस्तु एवं सेवा कर, जीएसटी, सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। निर्वाचन विभाग के सचिव सह मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल अब समाज कल्याण विभाग के सचिव होंगे। इनके पास शिक्षा विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार था। अब गुंजियाल अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी अब लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव होंगे। इनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह अब लघु जल संसाधन विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। वहीं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला अब बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
खान के निदेशक मनीष कुमार मीणा अब आरा के जिलाधिकारी होंगे। वहीं अब तक सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रहे रिची पांडे अब बेगूसराय के जिलाधिकारी होंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा अब सिवान के जिलाधिकारी होंगे। जबकि आरा के जिलाधिकारी रहे तनय सुल्तानिया अब सीतामढ़ी केजिलाधिकारी होंगे। इसी प्रकार बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कुमार अनुराग अब कैमूर के जिलाधिकारी होंगे।